जन्मदिन पर कोहली ने वनडे में लगाया 49वां शतक
आज विश्व कप 2023 के 37वें मुकाबले में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से हो रहा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत अंक तालिका में पहले और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 327 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 326 रन बनाए। विराट कोहली 121 गेंद में 101 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के रन मशीन विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 49वां शतक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया। उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अफ्रीकी टीम के खिलाफ यादगार पारी खेली। कोहली ने रविवार (पांच नवंबर) को वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने 35वें जन्मदिन पर यह उपलब्धि हासिल की। सचिन ने अपने वनडे करियर में 463 मैच खेले। इस दौरान 452 पारियों में 18426 रन बनाए। उनका औसत 44.83 का रहा। तेंदुलकर ने 49 शतक और 96 अर्धशतक लगाए। विराट ने 277वीं पारियों में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली। खबर लिखे जाने तक।

Post Comment