ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मासूम की हुई मौत

शमसाबाद फर्रुखाबाद24webnews:- शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम चिलसरा रविवार अपराह्न एक ईंट भट्ठे के निकट पांच वर्षीय मासूम की उस वक्त मिट्टी बनाने वाली मशीन के पहिये से दबकर मौत हो गई, जब चालक मिट्टी बनाने वाली मशीन में मिट्टी भरकर भट्टे की ओर लौट रहा था। थाना मऊदरवाजा के ग्राम खिनमिनी निवासी अलीशेर परिवार के साथ पिछले तीन सालों से उक्त भट्टे पर मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। रविवार लगभग 2:30 बजे के करीब एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर में मिट्टी बनाने वाली मशीन में मिट्टी लादकर भट्टे की ओर आ रहा था। भट्टे के निकट झोपडिय़ों में रहकर वक्त गुजारने वाला अलीशेर का पाँच वर्षीय पुत्र हुसैन अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर मशीन को भट्टे की तरफ ले जाने के लिए मोड़ रहा था, उसी समय पीछे खेल रहा मासूम मशीन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शोर मचाए जाने पर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर मशीन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर मशीन शमीम के ईंट भट्टे की बताई गई है, जहां भट्टे पर ईंट बनाने के लिए ट्रैक्टर के सहारे मिट्टी बनाने वाली मशीन को लाया जा रहा था। दुर्घटना की जानकारी के बाद पीडि़त परिवार का हाल बेहाल हो गया। परिवार के लोग मृतक बेटे के शव पर दहाड़े मार कर रो रहे थे। घटना की जानकारी पर स्थानीय पुलिस चौकी चिलसरा तथा शमशाबाद थाना पुलिस को दी गई, जिस पर चिलसरा चौकी तथा शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना की जांच पड़ताल की मृतक की। मां सुनबरी बेगम के तीन बच्चे थे, जिसमें बड़ा पुत्र हैदर अली उम्र 7 वर्ष, बेटी साहिरा उम्र 6 वर्ष तथा मृतक हुसैन उम्र 5 वर्ष। मां सुनवरी बेगम का बेटे के शव पर रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। वहीं मौके पर मौजूद लोग मां बेटे के करुण रुदन को देख आंसू बहा रहे थे। शमसाबाद थाना पुलिस समाचार लिखे जाने तक कार्यवाही में जुटी हुई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया गया है दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौते के प्रयास समाचार लिखे जाने तक जारी थे।