फर्रुखाबाद संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पड़ा मिला

कंपिल फर्रुखाबाद 24webnews:- संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ के नीचे पड़ा मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
थाना क्षेत्र के गांव बिल्सड़ी निवासी नरेश जाटव के घर थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव जिजुईया निवासी रिश्तेदार मान सिंह जाटव का २१ वर्षीय पुत्र अनुज उर्फ खेतल रहता था। अनुज वहां रहकर खेतीबाड़ी का कार्य करता था। बीते गुरुवार पैतृक गांव जिजुईया जाने की बात कहकर वह घर से निकला। देर रात तक घर न पहुंचने पर घरवालों को चिंता हुई। उन्होंने युवक की खोजबीन की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने युवक का शव बिल्सड़ी निवासी अवनीश मिश्रा के खेत में खड़े आम के पेड़ के नीचे पड़ा देखा। अनुज की गर्दन में आधी फटी शर्ट से फांसी लगी हुयी व आधी शर्ट का हिस्सा पेड़ पर लटका था। युवक नंगे पांव था, जबकि घर से चप्पलें पहनकर निकला था। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ शोहराब आलम ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच मामले की जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक तीन भाई बहनो में सबसे बड़ा था। परिजनों के अनुसार युवक का दिमागी सन्तुलन ठीक नहीं था। वह पहले भी दो बार खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। स्वजनों ने किसी पर कोई आरोप नही लगाया है।