युवक की करंट लगने से हुई मौत 1 दिन बाद जाने थी बारात

मंडप की दावत के दौरान दूल्हे की करंट लगने से मौत हो गयी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव नीबलपुर निवासी स्वर्गीय नारायण सिंह के 28 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार की शादी जनपद हरदोई के गांव सुल्तानपुर निवासी श्रीकृष्ण की पुत्री सीमा के साथ तय हुई थी। जिसकी आज बारात जानी थी। रविवार रात मंडप की दावत का कार्यक्रम चल रहा था। रात 11.00 बजे मृतक दूल्हा राजीव अपने घर आए मेहमानों को छत से नीचे आंगन में बुलाने के लिए जीने से उतर रहा था। जीने की दीवार पर खुला घरेलू बिजली का कटा हुआ तार लटक रहा था। जो राजीव के पैर में छू गया। जिससे राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया। रात में ही दावत की खुशियों का दौर चीत्कार में बदल गया। घटना की सूचना थाना पुलिस व दुल्हन पक्ष को दी गई। हाथों में मेहंदी लगी दुल्हन परिजनों के साथ दूल्हे के घर पहुच गई। मृतक तीन भाई है। बड़ा भाई राजकुमार, छोटा भाई पिंटू है। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। मृतक के पिता की मौत पहले हो चुकी है। परिजनों ने मंडप उखाड़कर टीन पर रख दिया। सुबह घटनास्थल पर उपनिरीक्षक राजेश गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। बड़े भाई राजकुमार ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कहा कि मृतक की सोमवार की शाम को बारात जानी थी।
घर की घरेलू केबिल से करण्ट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बड़े भाई की तहरीर पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार और गांव में मातम का माहौल है।
