एटा 29 जनवरी 2026 (सू0वि0)। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में दिनांक 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को जनपद एटा के समस्त मतदान केन्द्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची का बूथ स्तर पर वाचन (पठन) किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर अद्यतन मतदाता सूची का पठन करेंगे। इस दौरान मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा दोहराव (डुप्लीकेट) मतदाताओं के नामों की पहचान कर आवश्यक सुधार की कार्यवाही की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-6, 6ए, 7 एवं 8 (घोषणा-पत्र सहित) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि पात्र नागरिक अपने आवेदन सहजता से प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षण हेतु संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण अधिकारियों द्वारा 10 प्रतिशत मतदान केन्द्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर मतदाता सूची का अवलोकन करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय से आवेदन प्रस्तुत कर सहयोग प्रदान करें, जिससे मतदाता सूची को अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

More Stories
विश्व कैंसर दिवस पर अलीगढ़ में कैंसर जागरूकता कार्यशाला का होगा आयोजन
परिषदीय परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों संग की बैठक
राजस्व बकाया वसूली के दौरान हिरासत में लिए गए बकायेदार की मौत, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित