व्यापारियों ने लिया अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प
Traders resolved to make Akhilesh Yadav chief minister
05 दिसंबर 21, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लखनऊ में रविवार को हुए व्यापारी सम्मेलन में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। सपा व्यापार सभा द्वारा आयोजित सम्मेलन में प्रदेश सचिव मुरादाबाद के निर्यातक हाजी इफ्तेखार अली ने कहा कि प्रदेश के बदतर होते हालात को देखते हुए हमारी जिम्मेदारी है कि अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाए। सम्मेलन को मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी संबोधित किया।
व्यापार ठप होने से व्यापारी परेशान
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए सम्मेलन में हाजी इफ्तेखार अली ने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक परेशान है। रोजगार ठप हो गया है और कारोबार भी खत्म होने की कगार पर है। लोगों के पास पेट भरने की व्यवस्था नहीं बची है। इसलिए हमें संकल्प लेना होगा कि अत्याचारी सरकार से छुटकारा पाना है और अबकी बार अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चा रोता है तो परिवार उसकी मदद करने आता है, इसी तरह प्रदेश में लोग परेशान हैं तो अखिलेश यादव लोगों की मदद करने आ रहे हैं। प्रदेश में महिलाएं परेशान हैं, उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, रोजगार खत्म होने से बेरोजगारों की तादाद बढ़ती जा रही है। प्रदेश में लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन में आए व्यापारियों का स्वागत किया और आभार भी व्यक्त किया। गौरतलब है कि सपा व्यापार सभा ने प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर व्यापार सम्मेलनों का आयोजन करके व्यापारियोंं से संवाद किया था।