संभल में बड़ा हादसा: कोल्ड स्टोर की छत ढही, 20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका

संभल 24webnews:- शीतगृह के कुछ समय पहले बने नए हिस्से में करीब 25 मजदूर आलू के बोरे रैक पर रख रहे थे। क्षमता से अधिक आलू भरने से करीब 11 बजे एक रैक गिर पड़ी। काम में लगे मजदूर संभल पाते कि इससे पहले ही छत भी गिर गई।
गुरुवार की सुबह इस्लाम नगर रोड स्थित एआर कोल्ड स्टोर के एक हिस्से की छत भरभरा कर गिर गई। उस वक्त करीब 25 मजदूर भीतर थे। सात घंटे की मशक्कत के बाद 10 लोगों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से दो की मौत हो गई। एसडीआरएफ, दमकल की टीमें बचाव में लगी हैं। जानकारी के अनुसार शीतगृह में सुबह से आलू भरने का काम किया जा रहा था। शीतगृह के कुछ समय पहले बने नए हिस्से में करीब 25 मजदूर आलू के बोरे रैक पर रख रहे थे। क्षमता से अधिक आलू भरने से करीब 11 बजे एक रैक गिर पड़ी। काम में लगे मजदूर संभल पाते कि इससे पहले ही छत भी गिर गई। भीतर मौजूद मजदूर छत के मलबे और आलू के बोरों में दब गए। परिसर में मौजूद अन्य मजदूर मदद के लिए दौड़े लेकिन साथियों तक पहुंचने रास्ता न होने से असहाय बनकर रह गए।
बताया जा रहा है कि इमारत ढहने के बाद वहां अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। दमकल विभाग की टीम किसी तरह मास्क पहनकर अंदर पहुंची और गैस का रिसाव बंद किया। इसके बाद खतरा टला। साथ ही जानकारी मिल रही है कि अभी तक एक मजदूर को मलबे से निकाला गया है। वहीं करीब 7 से 8 जेसीबी मशीन मलबे को हटाने के काम में जुटी हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। ताकि निकाले जाने वालों को फौरन उपचार दिया जा सके। करीब आधे घंटे बाद पुलिस और दमकल टीमों ने राहत और बचाव की कोशिशें शुरू कीं। मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता बनाने के लिए 12 जेसीबी, आठ हाइड्रा को काम पर लगाया गया। दोपहर बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंच गईं। इसके बाद बचाव कार्य में तेजी आई। मशीनों से मलबा हटाकर शाम करीब छह बजे 10 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। आठ को इलाज के लिए भेजा गया। बाकी मजदूरों को निकालने के प्रयास रात तक जारी थे।