सड़क दुर्घटना में बाइक सवार छात्रा की हुई मौत


शमसाबाद फर्रुखाबाद 24webnews:- ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार छात्रा की मौत हो गयी, जबकि उसकी अन्य सहेलियां गम्भीर रुप से घायल हो गयीं। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से हालत गम्भीर होने पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ढाईघाट शमशाबाद मार्ग पर स्थित बूढ़ी गंगा के पास एक बाइक सवार को अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से चलाकर टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सभी लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दुर्घटना को अंजाम देने वाला अज्ञात ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। कुछ लोगों ने सूचना थाना पुलिस को दी, लेकिन तब तक गम्भीर रुप से घायल छात्रा की मौत हो चुकी थी। घटना के संबंध में बताया गया सनी पुत्र सीताराम निवासी अकबरपुर दामोदर थाना शमशाबाद की बहन सृष्टि की सहेली रीना पुत्री भगवान दास निवासी साहबगंज कायमगंज का विवाह था। जिसमें सभी सहेलियों को आमंत्रित किया गया था। वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बाइक संख्या यूपी76एई5830 जिसे सनी पुत्र सीताराम निवासी अकबरपुर दामोदर चला रहा था। बाइक पर संगीता पुत्री महेशचंद्र निवासी नगला गढ़ी जो शमशाबाद नगर के एक इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा है, के अलावा जगनी पुत्री महेशचंद्र निवासी मुरली नगर थाना शमशाबाद एवं जगनी की बहन की पुत्री प्रियंका पुत्री गोविंद निवासी बल्लम नगर जनपद मैनपुरी आदि लोग सवार थे। बाइक चालक सनी की बहन सृष्टि की सहेली रीना पुत्री भगवान दास निवासी साहबगंज के शादी समारोह में आमंत्रित सभी सहेली बाइक द्वारा गिफ्ट खरीदने के लिये शमशाबाद बाजार जा रही थी। बाइक सनी चला रहा था। बूढ़ी गंगा के निकट गुजरते समय अचानक एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से चलाकर ओवरटेकिंग के दौरान बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सभी लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना पर शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुँची। सभी घायलों को एंबुलेंस द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद भेजा गया। जहां इंटर की छात्रा संगीता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक सहित अन्य सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गयी। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी होने पर मृतक छात्रा के घर परिवार में कोहराम मच गया। थाना पुलिस ने मृतक छात्रा के शव का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भिजवा दिया। इस घटना में बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी।