February 23, 2026

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार हलवाई की दर्दनाक मौत, साथी बाल-बाल बचा

फर्रुखाबाद:- मेरापुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक हलवाई की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी इस हादसे में बाल-बाल बच गया। पुलिस के अनुसार मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रुखैइया निवासी रामबाबू (55 वर्ष) पेशे से हलवाई थे। आज सोमवार सुबह करीब 9ः00 बजे वह अपने साथी रामदीप के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पास के ही एक गांव में बरसी के कार्यक्रम में खाना बनाने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अचरा ग्राम के समीप पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामबाबू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि उनके साथी रामदीप को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल रामबाबू को पहले एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर किया गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सुबह करीब 11ः30 बजे उनकी उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सबइंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया गया है।