जनशिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी – जिलाधिकारी

एटा:- जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर एटा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। भूमि विवाद अथवा अन्य जटिल प्रकरणों में शिकायतकर्ता एवं सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर समाधान करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह द्वारा पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं को सुनकर उनके प्रभावी निराकरण के निर्देश संबंधित को दिए गए। समाधान दिवस के दौरान
एटा सदर तहसील में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील जलेसर में 06 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 01 का निस्तारण किया गया। तहसील अलीगंज में अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) लालता प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजन हुआ, जहाँ 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए तथा 02 प्रकरण का मौके पर निस्तारण किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

More Stories
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण करने वालों पर एक्शन,रात में डीजे बजाने पर 12 मुकदमे दर्ज
मतदाता सूची विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण, कल 22 फरवरी रविवार को विशेष अभियान दिवस, बूथों पर रहेंगे बीएलओ
सीएम योगी ने किसानों को दिया बड़ा तोहफा, 2.51 लाख लाभार्थियों के खाते में भेजे 460 करोड़