बिजली बिल से आज़ादी का सशक्त माध्यम बनी ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ – जिलाधिकारी
एटा, 17 मार्च 2026 (सू0वि0)।
जनपद एटा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आमजन के लिए राहत और आत्मनिर्भरता का बड़ा माध्यम बनकर उभर रही है। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह ने आज कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में योजना के सफल लाभार्थी एमपी नगर निवासी पंकज वर्मा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह योजना केवल बिजली बचत का साधन नहीं, बल्कि आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना तेजी से जनपद में प्रभावी रूप से लागू की जा रही है और प्रशासन स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के नागरिक तेजी से इस योजना से जुड़ रहे हैं, जिसका परिणाम यह है कि अब तक 1534 से अधिक घरों में सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव दर्शाता है कि लोग अब पारंपरिक बिजली पर निर्भर रहने के बजाय स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा को अपना रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि योजना से लाभान्वित उपभोक्ताओं के बिजली बिल में 80% से 100% तक की कमी आई है। कई उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे विद्युत विभाग को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं, जो इस योजना की सबसे बड़ी खासियत है।
लाभार्थी पंकज वर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल ₹2000 से ₹2500 तक आता था, जो अब घटकर मात्र ₹260 से ₹350 रह गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल आर्थिक बचत हुई है, बल्कि भविष्य को लेकर भी आत्मविश्वास बढ़ा है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा योजना में सब्सिडी एवं आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति इसका लाभ उठा सकता है। इच्छुक नागरिक आगरा रोड एचडीएफसी बैंक के निकट कार्यालय नेडा विभाग या पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से आवेदन कर अपने घर पर सोलर प्लांट लगवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रतिदिन लाभार्थियों को सम्मानित कर अन्य लोगों को प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़कर बिजली खर्च से मुक्ति पा सकें।
कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन/मुख्य विकास अधिकारी सत्यप्रकाश, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, सिटी मजिस्ट्रेट अनवर राशिद फारुकी, नेडा विभाग के रामबाबू सहित अन्य गणमान्य लोग एवं लाभार्थी आदि उपस्थित रहे।

More Stories
डंपर ने तीन बाइक सवारों को रौंदा मौके पर हुई दर्दनक मौत
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया
टी20 विश्व कप फाइनल में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर