कानपुर:- उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षा चल रही है।कानपुर पुलिस ने बोर्ड परीक्षा के दौरान ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है।लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने बड़े पैमाने पर रात्रि चेकिंग अभियान चलाया।रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वाले 9 गेस्ट हाउस और मैरिज लॉन के संचालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। 8 थाना क्षेत्रों में कुल 12 मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
तेज म्यूजिक बजाने पर पुलिस ने लिया एक्शन
ये एक्शन ज्वाइंट कमिश्नर विपिन ताड़ा के निर्देशन में हुआ। दरअसल वर्तमान में यूपी बोर्ड समेत अन्य बोर्ड्स की वार्षिक परीक्षाएं जारी हैं।ऐसे में परीक्षार्थियों की तैयारी में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही धारा 163 बीएनएसएस लागू कर रात 10 बजे के बाद डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद कई जगहों पर नियमों की अनदेखी करके देर रात तक तेज डीजे बजाया जा रहा था,जिससे छात्रों को परेशानी हो रही थी।
रात 1 बजे तेज आवाज में बजता मिला डीजे
सबसे गंभीर मामला थाना बिठूर क्षेत्र के मैनावती मार्ग स्थित परेरा ग्रीन लॉन में सामने आया,जहां रात लगभग 1 बजे तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने ध्वनि स्तर अत्यधिक पाया, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हो रही थी। बिठूर थाना क्षेत्र में ही मैनावती मार्ग पर इबिजा गार्डेन और ध्रुव पार्टी लॉन के मालिक और डीजे संचालक के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए।
मैरिज लॉन के मालिकों और संचालकों पर मुकदमा दर्ज
अन्य जोनों में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चकेरी में ड्रीम पार्टी लॉन,केआर शादीटोरियम,परिणय गेस्ट हाउस, रामवाटिका मैरिज लॉन और नारायण लॉन के खिलाफ तय समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने पर मामला दर्ज किया।इसके अलावा थाना रावतपुर में अभिनंदन गेस्ट हाउस,थाना गुजैनी में पीएस पैलेस,थाना सचेंडी में निधिवन मैरिज लॉन के बार इंडिया डीजे बैंड के मालिक और थाना काकादेव में जवाहर पैलेस के संचालक के खिलाफ भी मुकदमे लिखे गए हैं।
नियमों की अनदेखी के बाद एक्शन
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताड़ा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान छात्रों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। पहले गेस्ट हाउस संचालकों को समझाने के प्रयास किए गए, लेकिन लगातार नियमों की अनदेखी के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।



More Stories
मतदाता सूची विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण, कल 22 फरवरी रविवार को विशेष अभियान दिवस, बूथों पर रहेंगे बीएलओ
डीएम की अध्यक्षता में सदर एटा तहसील में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
सीएम योगी ने किसानों को दिया बड़ा तोहफा, 2.51 लाख लाभार्थियों के खाते में भेजे 460 करोड़