फर्रुखाबाद:- थाना नवाबगंज क्षेत्र के मुख्य चौराहे पर शनिवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
जानकारी के अनुसार जनपद एटा नंबर की एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वे नवाबगंज चौराहे पर पहुंचे, तभी मोहम्मदाबाद मार्ग की तरफ से आ रहे राजस्थान नंबर के तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित डंपर मिश्रा बीज भंडार के पास खड़े एक पुराने पेड़ को तोड़ता हुआ दुकान के सामने खड़ी कार में जा घुसा। इस दौरान डंपर का पहिया बाइक सवारों के ऊपर चढ़ गया, जिससे तीनों युवकों के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान 20 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार पुत्र स्व. कमलेश सिंह, 18 वर्षीय अर्पित यादव पुत्र मान सिंह और 15 वर्षीय निशु पुत्र कैलाश निवासी कूड़ा नावर, थाना नया गांव जनपद एटा के रूप में हुई है। अर्पित इसी वर्ष कक्षा 10 की परीक्षा दे चुका था, जबकि निशु कक्षा 8 का छात्र था। तीनों आपस में परिवारी भाई बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार तीनों युवक शनिवार शाम करीब 8 बजे खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। अर्पित के पिता मान सिंह और निशु के पिता कैलाश दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करते हैं। अर्पित के चाचा सुनील ने बताया कि अर्पित की शादी थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव डीपिन में तय थी और अगले वर्ष विवाह होना था।
परिवार में अर्पित की मां ओमा देवी, बड़ी बहन कंचन और छोटी बहन सोनी हैं। वहीं निशु की मां गुड्डी देवी, बड़ी बहन सावनी और छोटा भाई रिशु है। पुष्पेंद्र की मां सुधा देवी, छोटा भाई सचिन और बहन दुर्गा हैं।
परिजनों ने बताया कि अर्पित की ननिहाल थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव कलौली महबूल्लापुर में है। आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक वहां जा रहे थे, लेकिन कलौली निवासी मामा सेवाराम के अनुसार तीनों युवक ननिहाल नहीं पहुंचे थे। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि वे फर्रुखाबाद मार्ग से होकर कहां जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवाबगंज राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों के अवशेषों को एकत्र कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।


More Stories
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया
टी20 विश्व कप फाइनल में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर
नम आंखों से दी शहीद को अन्तिम विदाई