June 25, 2026

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश काउंसिलिंग 1 जुलाई से शुरू


झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा बीएड प्रवेश काउंसिलिंग 1 जुलाई से शुरू की जाएगी। काउंसिलिंग प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न होगी और प्रत्येक चरण की अवधि 15-15 दिन निर्धारित की गई है। इसके लिए प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की सीटों का विवरण एकत्र कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों को 1 जुलाई को पंजीकरण कराना होगा, जबकि 2 जुलाई से कॉलेजों के विकल्प भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने काउंसिलिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को कुलपति एवं कुलसचिव द्वारा सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई को प्रदेश के 72 जिलों में स्थापित 1,011 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,00,506 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। पिछले तीन वर्षों की तुलना में इस बार बीएड में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण काउंसिलिंग प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर पंजीकरण एवं कॉलेज विकल्प भरने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।