March 23, 2026

ट्रैक्टर पर लदे लोहे के खंभे कार को चीरते हुए अंदर घुस गए कार सवार हुए सभी घायल

फर्रुखाबाद :-जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना कादरी गेट क्षेत्र के इटावा-बरेली नेशनल हाईवे का है, जहां एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार थाना शमसाबाद क्षेत्र के रोशनाबाद निवासी निहाल खान, जो दिल्ली में टैक्सी चलाता है, ईद के मौके पर अपने घर आया हुआ था। वह अपनी 27 वर्षीय पत्नी शबनम और तीन बच्चों—5 वर्षीय ईनाया, 4 वर्षीय अनाविया व अन्य परिजनों के साथ अपनी कार से ससुराल कमालगंज जा रहा था। इसी दौरान ग्राम भाऊपुर खुर्द के पास हाईवे पर एक ट्रैक्टर बिजली के लोहे के खंभे लादकर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर लदे लोहे के खंभे कार को चीरते हुए अंदर घुस गए, जिससे कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 वर्षीय मासूम ईनाया को मृत घोषित कर दिया। वहीं शबनम और उसकी बेटी अनाविया की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अस्पताल में पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बढ़ते हादसे, प्रशासन बेखबर फर्रुखाबाद में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे कई सवाल खड़े कर रहे हैं। हाईवे पर ओवरलोडिंग, बिना सुरक्षा उपायों के खतरनाक तरीके से सामान ढोना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम हो चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हादसे आए दिन लोगों की जान ले रहे हैं।
आखिर कब तक लापरवाही की कीमत मासूम जिंदगियों को चुकानी पड़ेगी? यह सवाल अब हर किसी के मन में उठ रहा है।