फर्रुखाबाद। बहुजन समाज पार्टी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विधानसभा अमृतपुर के बूथ संख्या-195, नगला नान में एक दिवसीय बूथ स्तरीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ समितियों की मजबूती, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि कानपुर मंडल प्रभारी विनोद गौतम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में जीत की सबसे मजबूत नींव बूथ स्तर पर तैयार होती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाकर मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखे, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को सफलता मिलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों, बहुजन समाज के हितों तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही बूथ समितियों को पूरी तरह सक्रिय करने तथा प्रत्येक पदाधिकारी से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
जिला सचिव सीताराम ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से नियमित बैठकें आयोजित करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष त्रिपुरेश गौतम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सक्रियता बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


More Stories
दिल्ली जा रही रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर, नवाबगंज के तीन युवकों की दर्दनाक मौत
जुलाई में बिजली उपभोक्ताओं को मिल सकती है राहत
भीषण गर्मी के चलते फर्रुखाबाद में बदला स्कूलों का समय, सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक चलेंगी कक्षाएं