July 3, 2026

दिल्ली जा रही रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर, नवाबगंज के तीन युवकों की दर्दनाक मौत


फर्रुखाबाद। दिल्ली रोजगार के लिए जा रहे नवाबगंज थाना क्षेत्र के तीन युवकों की एटा जनपद में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुखराम,राजेश निवासी ग्राम दौलतपुर तथा ग्राम उम्मरपुर निवासी शैलेश गुरुवार रात रोडवेज बस से दिल्ली जा रहे थे। रात करीब 11 बजे एटा जनपद के थाना बागवाला क्षेत्र के ग्राम कीलपुरा के पास रोडवेज बस अचानक खराब होकर सड़क किनारे खड़ी हो गई। चालक और परिचालक के कहने पर कुछ यात्री बस को पीछे से धक्का लगाने लगे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक कंटेनर ने बस और धक्का लगा रहे यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि राजेश (सुखराम), राजेश(दौलतपुर) और शैलेश (उम्मरपुर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार सुबह जैसे ही तीनों युवकों की मौत की खबर उनके गांवों में पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है और पूरे नवाबगंज क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Oplus_131072