फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम कुसमापुर में खेत पर काम कर रहे एक परिवार पर लाठी-डंडों और तमंचे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार ग्राम कुसमापुर निवासी सुखराम पुत्र रामनाथ 22 जून 2026 को शाम करीब 5:30 बजे अपने पुत्रों आदेश, लालू एवं लक्ष्मण के साथ खेत में मूंगफली की गुड़ाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के मोहित पुत्र सुरेश, पप्पू, बिल्लू, नवल किशोर पुत्रगण अमरनाथ , विवेक पुत्र पप्पू , राम जी पुत्र राजेड तथा कृष्ण कुमार ,विवेक पुत्रगण बिल्लू है वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट में सुखराम और उनके पुत्रों को गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान कृष्ण कुमार ने तमंचे से फायर भी किया जो मिस हो गया, जिससे सुखराम के पुत्र लक्ष्मण बाल-बाल बच गए। घटना के बाद घायल पक्ष ने पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ आरोपी पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की सुसंगत धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश काउंसिलिंग 1 जुलाई से शुरू
नवाबगंज में बिना पंजीकरण संचालित लैबों पर उठे सवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता
भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच की मांग, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन