नगर पंचायत मिरहची कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर जताई नाराजगी
एटा जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर पंचायत मिरहची कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीय व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा नगर पंचायत की परिसंपत्तियों से संबंधित रजिस्टर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, किन्तु उपस्थित कनिष्ठ सहायक संबंधित रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सके। इस पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि नगर पंचायत की सभी परिसंपत्तियों का रजिस्टर तत्काल प्रभाव से तैयार कर अद्यतन किया जाए।उन्होंने जीआईएस सर्वे के अंतर्गत टैक्स निर्धारण से संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि अनेक संपत्तियों के स्वामियों के नाम के स्थान पर “अज्ञात” अंकित है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संपत्तियों पर वास्तविक कब्जेदार एवं मालिकों के नाम स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वामियों के नाम अंकित न होने से कर वसूली में विधिक एवं प्रशासनिक समस्याएं उत्पन्न होंगी, इसलिए जीआईएस सर्वे अभिलेखों को शीघ्र अद्यतन कराया जाए।निरीक्षण के दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों में अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव एवं कर व्यवस्था की पारदर्शिता शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


More Stories
युवक का शव मिलने पर बबाल पुलिस टीम पर पथराव मारपीट गाड़ियों में तोड़फोड़ कई पुलिस कर्मी घायल
महाराणा प्रताप जयंती पर प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने किया प्रतिमा का अनावरण
डीएम अरविन्द सिंह के निर्देश पर अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई उप जिलाधिकारी जलेसर के नेतृत्व में तीन ओवरलोड वाहन पकड़े गए, प्रशासन का अभियान जारी