फर्रुखाबादः– कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में आज शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे स्टेशन श्यामनगर मझोला के पास एक बाग में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव को छिपाने का प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने श्यामनगर मझोला रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक बाग में महिला का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक राजेश द्विवेदी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से जांच पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि महिला की हत्या कहीं और गला दबाकर की गई और पहचान छिपाने व कानूनी कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से शव को इस सुनसान बाग में लाकर फेंक दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि “महिला की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आस-पास के थानों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही इस घटना का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

More Stories
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में वृद्ध की मौत, पत्नी घायल
1 अप्रैल 2026 से बदलेगा ‘जेब का गणित’, आयकर, जीएसटी और महंगाई से जुड़े नए बदलाव लागू
कल से बदलेगा स्कूलों का समय, बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के नए टाइमिंग होगी लागू