फर्रुखाबाद में मक्के के खेत से बदबू आने पर भाई ने देखा
कमालगंज थाना क्षेत्र के भूलनपुर गांव में दो दिन से लापता किसान का शव शनिवार को मक्के के खेत में मिला है। परिजनों ने देर शाम तक घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की थी। शनिवार सुबह खेत से बदबू आने पर मृतक के भाई ने शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
भूलनपुर निवासी 28 वर्षीय प्रवेश राजपूत गुरुवार सुबह अपनी बाइक से खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक उनके वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। प्रवेश का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई थी।
शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने मक्के के खेत से बदबू आने की जानकारी दी। प्रवेश के भाई जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने वहां प्रवेश का शव पड़ा देखा। शव के पास एक हाथ सिर के ऊपर रखा हुआ था। सूचना मिलते ही कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक प्रवेश राजपूत के भाई ने बताया कि गांव के कुछ लोग प्रवेश को बुलाकर ले गए थे। शाम को वे लोग बाइक घर पहुंचा गए थे, लेकिन प्रवेश के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। परिजनों ने रिश्तेदारी में भी उसकी तलाश की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। किसान की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
फॉरेंसिक टीम ने भी लिए नमूने
मृतक के भाई ने बताया कि फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी और नमूने एकत्र किए हैं। बताया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भाई को शराब के साथ किसी ने कुछ खिला-पिला दिया इससे ही मौत हुई है। बताया गांव के चार से पांच लोग इसके साथ खाते पीते थे। गुरुवार को भी वह लोग साथ में देखे गए थे। उन्होंने बताया गुरुवार की सुबह 9:00 से दोपहर 1:00 तक खेत पर ही भाई को देखा गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं चला था।
पांच भाइयों में सबसे छोटा था
बताया गया कि मृतक प्रवेश राजपूत पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक डेढ़ वर्ष का बड़ा बेटा है। जबकि एक सात माह का भी दूसरा बेटा है। किसान की मौत से पत्नी सविता सहित अन्य का रो-रोकर बुरा हाल है।
कमालगंज थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया शव की हालत खराब थी। फारेंसिक टीम ने नमूने लिए है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है



More Stories
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर बांगर में हुआ योगाभ्यास
शिक्षामित्रों को जून माह का मिलेगा पूरा मानदेय
बिजली उपभोक्ताओं को झटका: जून के बिल में 10% तक बढ़ेगा फ्यूल सरचार्ज